संतकबीरनगर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण में संतकबीरनगर पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों, महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण का भरोसा दिलाया। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मरक्षा के उपाय, महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं और अपराध की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 बाल सहायता सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में बताया। साइबर अपराध की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं से कहा कि वे किसी भी तरह के उत्पीड़न या अन्याय को चुपचाप सहन न करें और निडर होकर अपनी बात पुलिस तक पहुंचाएं।
खलीलाबाद में कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज, मगहर और हीरा लाल इंटर कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में छात्राओं को जागरूक किया गया। वहीं महिला थाना, महुली, धनघटा, बखिरा, मेंहदावल और धर्मसिंहवा थाना क्षेत्रों में भी अभियान चलाकर पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। अभियान के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment