<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, September 28, 2026

कोलकाता में होगा इंडिया एनर्जी वीक 2027, तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

लखनऊ। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इंडिया एनर्जी वीक 2027 के कर्टन रेज़र कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके साथ ही आयोजन के पांचवें संस्करण की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इंडिया एनर्जी वीक 2027 का आयोजन 28 से 31 जनवरी 2027 तक कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा।

श्री पुरी ने कहा कि वर्ष 2023 में शुरुआत के बाद से इंडिया एनर्जी वीक तेजी से प्रमुख वैश्विक ऊर्जा मंच के रूप में विकसित हुआ है। वर्ष 2026 में 120 से अधिक देशों के 75 हजार से ज्यादा ऊर्जा पेशेवर इसमें शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल तेल एवं गैस तक सीमित नहीं है, बल्कि ऊर्जा के व्यापक भविष्य पर केंद्रित मंच बन चुका है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 का संस्करण उद्यमियों, नवोन्मेषकों और युवा प्रतिभाओं को ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में अधिक अवसर देगा। आयोजन की थीम ‘नवाचार को गति, ऊर्जा सुरक्षा और भविष्य का निर्माण’ रखी गई है।

कार्यक्रम में इंडियनऑयल के निदेशक (वित्त) अनुज जैन ने लखनऊ से भाग लिया। उनके साथ इंडियनऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख, उत्तर प्रदेश राज्य कार्यालय-1 संजय भंडारी तथा एकेटीयू के कुलपति प्रो. जय प्रकाश पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और ऊर्जा विशेषज्ञ मौजूद रहे।

आयोजन में हाइड्रोजन, जैव ईंधन, तरलीकृत प्राकृतिक गैस, डिजिटलीकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल्स और शुद्ध-शून्य उत्सर्जन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसमें 75 हजार से अधिक ऊर्जा पेशेवरों और 700 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में इंडियनऑयल की मथुरा रिफाइनरी 8.0 एमएमटीपीए क्षमता के साथ प्रमुख ऊर्जा केंद्र है। कंपनी के राज्य में 13 एलपीजी संयंत्र, 13 पेट्रोलियम टर्मिनल, 11 विमानन ईंधन केंद्र, 650 किलोमीटर से अधिक पाइपलाइन और 6,349 खुदरा केंद्र हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages