वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले की सभी विधानसभाओं में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, गांव-गांव और प्रत्येक पोलिंग बूथ तक मजबूत टीम तैयार करने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर महंगाई, बेरोजगारी, किसान, युवा, महिला और आमजन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी विधानसभाओं के प्रभारी और अध्यक्ष नियमित रूप से कार्यकर्ताओं के साथ बैठक एवं सीधा संवाद करेंगे। नए लोगों को संगठन से जोड़ने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान बसपा कार्यकर्ता अब्दुल समद और भाजपा कार्यकर्ता रविदास शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष ने दोनों का स्वागत किया।
मासिक बैठक के साथ पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की जयंती भी मनाई गई। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
बैठक में बड़ी संख्या में जिला एवं विधानसभा पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

No comments:
Post a Comment