वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार बस्ती पहुंचे राजा ऐश्वर्य राज सिंह का जनपद में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। घघौआ में कुँवर कामेश्वर सिंह ‘छोटे राजा’, राघवेन्द्र प्रताप सिंह ‘दादा’ और विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख विक्रमजोत कृष्ण कुमार सिंह सहित रालोद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
ढोल-नगाड़ों के बीच रालोद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘जिंदाबाद’ के नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया, महराजगंज, कप्तानगंज, गोटवा, फुटहिया, शास्त्री चौक, कंपनी बाग, गांधीनगर, रोडवेज और दक्षिण दरवाजा होते हुए आगे बढ़ा। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्प वर्षा, आतिशबाजी तथा मिठाई वितरण कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर रालोद प्रदेश अध्यक्ष राजा ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि बस्ती की जनता ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया है, वह उनके लिए अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, नौजवानों और गरीबों की आवाज उठाने वाली पार्टी है। उनकी प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आम जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना होगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन के दम पर रालोद आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।
स्वागत कार्यक्रम में राजेश सिंह एडवोकेट, राय अंकुरम, अखिलेश सिंह, बब्बू खान, अजय सिंह, अतुल सिंह, मोहम्मद इदरीश सभासद, परमेश्वर शुक्ला पप्पू, वकास अहमद, विवेक चौधरी, आशीष श्रीवास्तव, निर्मल सिंह, विनय सिंह, अभिजीत सिंह, भावेष पाण्डेय, तेजा, मनोज सिंह, पप्पू सोनकर सहित बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment