वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सेमरियांवा विकासखंड के जिगिना तथा बेलहर कला विकासखंड के भगौसा गो-आश्रय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर गोवंशों की देखभाल, साफ-सफाई, चारा, पानी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिगिना गो-आश्रय स्थल में जिलाधिकारी ने 14 गोवंशों को शिवापार गो-आश्रय स्थल में स्थानांतरित कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया। यहां तीन गोवंश बीमार मिले, जिनका उपचार पशु चिकित्सक द्वारा कराया जा रहा था। गौशाला में तीन केयरटेकर कार्यरत पाए गए।
निरीक्षण के दौरान गो-आश्रय स्थल के निकट उत्तर प्रदेश सिडको द्वारा निर्माणाधीन नाली की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को जांच टीम गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, गो-आश्रय स्थल के पीछे स्थित स्वास्थ्य केंद्र की खाली भूमि को गौशाला के उपयोग में लाने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने भगौसा गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण कर गोवंशों के स्वास्थ्य, भूसा, चारा, पानी और साफ-सफाई की स्थिति देखी। यहां छह केयरटेकर कार्यरत मिले। गौशाला परिसर में गोबर की खाद का भंडारण पाए जाने पर उन्होंने ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि खाद को वन विभाग, उद्यान विभाग अथवा नर्सरी को उपलब्ध कराया जाए या आवश्यकता होने पर निजी लोगों को बेच दिया जाए।
सफाई व्यवस्था में कमी मिलने पर जिलाधिकारी ने नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर और फिनायल का प्रयोग कर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही गो-आश्रय स्थल के सामने स्थित बंजर भूमि की दो दिन के भीतर पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए संबंधित उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को निर्देशित किया।

No comments:
Post a Comment