वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना छावनी पुलिस ने मोबाइल चोरी कर फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से एटीएम मशीन पर क्यूआर कोड स्कैन कर रुपये निकालने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बची हुई धनराशि बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना छावनी में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 174/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित तीन वांछित आरोपियों अर्जुन उर्फ दिनेश पुत्र बब्लू निषाद निवासी नेतौरी, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा, राजकुमार पुत्र तुलसीराम निवासी नेतौरी, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा तथा एक बाल अपचारी को 20 अगस्त 2026 को रामजानकी रोड स्थित रामरेखा मंदिर पुलिया के पास से दोपहर करीब 1:33 बजे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऐसे लोगों की रेकी करते थे, जिनके पास महंगे मोबाइल फोन और बैंक खाते में अच्छी रकम होती थी। मौका मिलने पर जब संबंधित व्यक्ति अपना मोबाइल घर या दुकान पर छोड़कर बाहर चला जाता था, उसी दौरान आरोपी मोबाइल चोरी कर फरार हो जाते थे।
आरोपियों के अनुसार चोरी किए गए मोबाइल में लगे नंबर से जुड़े पासवर्ड का इस्तेमाल कर वे लेन-देन करते थे। इसके बाद बाल अपचारी की मदद से पासवर्ड संबंधी जानकारी हासिल कर किसी एटीएम मशीन पर पहुंचते और क्यूआर कोड स्कैन कर खाते से रुपये निकाल लेते थे। निकाली गई रकम को आपस में बराबर बांटकर आरोपी उसे ऐशो-आराम और अपनी पसंद का सामान खरीदने में खर्च करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से बरामद एंड्रॉयड मोबाइल फोन विक्रमजोत, पचवस समेत अन्य स्थानों से चोरी किए गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे घटना के दिन भी एंड्रॉयड मोबाइल फोन चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

No comments:
Post a Comment