वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र का पुलिस अधीक्षक ने स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद और अधिक मजबूत हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायतें प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति पुलिस की जवाबदेही और संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संतकबीरनगर पुलिस जनविश्वास, पारदर्शिता एवं उत्तरदायी पुलिसिंग के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए आमजन को बेहतर, संवेदनशील एवं समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

No comments:
Post a Comment