वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए महुली पुलिस ने गांव-गांव पहुंचकर जनसंवाद किया।
थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थानीय लोगों, संभ्रांत नागरिकों एवं आयोजकों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान बारावफात पर्व को लेकर जुलूस एवं कार्यक्रम के मार्ग, समय, सहभागिता तथा स्थानीय व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस टीम ने लोगों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे, शांति एवं सौहार्द की भावना के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा विवादित सामग्री का प्रसार करने से बचें। किसी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
महुली पुलिस ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और खुशियों का संदेश देते हैं। पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग शांतिपूर्ण कानून-व्यवस्था की मजबूत नींव है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

No comments:
Post a Comment