गोरखपुर। शाहपुर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल के जरिए सट्टा खिलाने और अलग-अलग बैंक खातों में रकम मंगाकर लोगों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक मिनी लैपटॉप, तीन टैबलेट, 11 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 20 अगस्त को शाहपुर थाना क्षेत्र के सेमरा नंबर-दो स्थित पानी की टंकी के पास एक मकान में छापा मारा गया। यहां पांच लोग ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल ‘रेडी अन्ना’ के माध्यम से सट्टे की रकम का डिपॉजिट और विड्रॉल करते मिले। पूछताछ में आरोपी बैंक खातों और उनके धारकों के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज या जानकारी नहीं दे सके।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कथित तौर पर ‘रेडी अन्ना’ का पैनल खरीदकर उसकी एक ब्रांच के रूप में कार्यालय संचालित करते थे। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए विभिन्न लोगों को बहला-फुसलाकर म्यूल बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन्हीं खातों के माध्यम से रकम का लेन-देन किया जाता था। पुलिस के मुताबिक इस माध्यम से प्रतिदिन लाखों रुपये का लेन-देन किया जाता था और प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितीश सिंह निवासी बासोपट्टी, देवरिया, अभय कुमार सिंह निवासी बंगरुआ, देवरिया, वजीद चौधरी और साहिल चौधरी निवासी अरसौली, मुजफ्फरनगर तथा मुन्ना कुमार निवासी नारायनपुर, सिवान (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से 23 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक मिनी लैपटॉप, तीन टैबलेट, 11 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, बायोमेट्रिक डिवाइस, राउटर, स्पाई कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, पावर बैंक, चार्जर और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना शाहपुर में मु0अ0सं0 401/2026, धारा 112(2), 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार तीन अन्य आरोपी नितिश प्रताप सिंह, संजीव सिंह और सुनीश कुमार सिंह वांछित हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह, साइबर कमांडो उपनिरीक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी असुरन सुभाष चन्द्र पाण्डेय, चौकी प्रभारी रेल बिहार सत्यम सिंह समेत थाना शाहपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment