<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, August 20, 2026

राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच ने रखी आधुनिक भारत की नींव - सतीश शर्मा


गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद की ओर से गुरुवार को सेंट्रल मार्केट, पुराना बस अड्डा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने की। कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश की एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और अपने कार्यकाल में आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर तथा दूरसंचार को विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर क्रांति, दूरसंचार के विस्तार, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने तथा पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में राजीव गांधी की सोच दूरगामी थी।
सतीश शर्मा ने कहा कि आज देश में डिजिटल और संचार व्यवस्था विकास का महत्वपूर्ण आधार है, जिसकी बुनियाद मजबूत करने में राजीव गांधी का अहम योगदान रहा। उनका सपना युवा शक्ति, आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण पर आधारित प्रगतिशील भारत का था। कांग्रेस उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आधुनिक भारत और डिजिटल क्रांति का श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि कंप्यूटर और दूरसंचार के विस्तार की नींव राजीव गांधी के कार्यकाल में रखी गई थी। उन्होंने सरकार से महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दुहाई स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचे। यहां बुजुर्गों को फल वितरित किए गए और उनका हालचाल जानकर आशीर्वाद लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी की जयंती को केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर बुजुर्गों की सेवा और सम्मान से जोड़ना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में विधानसभा प्रत्याशी सुशांत गोयल, राजकुमार शर्मा, नवीन पोल, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, उदय सिंह पाल, सुरेंद्र शर्मा, संभव, इरफान, सविता जायसवाल, सीमा, नजमीन, रूबी मलिक, राजू शर्मा, अश्वनी त्यागी, सविता गौतम, वकील अहमद, महेंद्र कुमार गौतम, आचार्य विकास कुमार, वीरेंद्र अग्निहोत्री, एजाज उल विधायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने दी।
अंत में कांग्रेसजनों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Pages