वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मिशन शक्ति (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन) फेज-5 अभियान के तहत मंगलवार को एंटी रोमियो स्क्वाड टीम बस्ती एवं महिला थाना की एंटी रोमियो टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं, ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं व महिलाओं तथा बाजार, मंदिर और पार्क आदि सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा और बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1076, 1098 और 108 के बारे में विस्तार से बताया। संकट की स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील करते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 के संबंध में भी जानकारी दी। लोगों को किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के लिए संबंधित थाने के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने के लिए बताया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर आत्मविश्वास बढ़ाना रहा।

No comments:
Post a Comment