गोरखपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के निमित्त बुधवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर के विभिन्न मंडलों में कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के लिए जागरूक किया। मालवीय नगर, गीता नगर, आर्य नगर, दीनदयाल नगर, भौवापार, खोराबार, मिर्जापुर, गोरक्षनगर, बिस्मिल नगर और राप्तीनगर मंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों में यात्राएं निकाली गईं।
मालवीय नगर मंडल के झरना टोला एवं गायत्री नगर में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता आंदोलन का प्रतीक और देश की आन-बान-शान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तिरंगे का सम्मान देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज को राष्ट्रीयता की भावना से ओत-प्रोत करना और प्रत्येक व्यक्ति में देशभक्ति का जज्बा पैदा करना है।
कार्यकर्ताओं ने लोगों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। कई स्थानों पर यात्रा का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ, जबकि समापन भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस दौरान विभिन्न मंडलों में मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, वार्ड अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से प्रदीप सिंह, पवन यादव, मनोज अग्रहरी, अच्युतानंद शाही, विशाल गुप्ता, शशिकांत सिंह, अमित कुमार श्रीवास्तव, विकास शर्मा, रणविजय शाही, जितेंद्र चौधरी जीतू, श्रीराम पांडेय, गिरिजेश दत्त पांडेय, मुकेश चौधरी, इंद्रमणि उपाध्याय, राम केवल पासवान, वीरेंद्र पांडेय, बृजेश मणि मिश्रा, प्राण तिवारी, दयानंद शर्मा, शिशिर वर्मा और ओम प्रकाश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment