वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र का स्वयं अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से कहा कि सभी शिकायतों का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद और अधिक मजबूत हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत प्राप्त करने की औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति पुलिस की जवाबदेही और संवेदनशीलता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि संतकबीरनगर पुलिस जनविश्वास, पारदर्शिता और उत्तरदायी पुलिसिंग के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए आमजन को बेहतर, संवेदनशील और समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न मामलों में आए फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

No comments:
Post a Comment