वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला सशक्तिकरण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम थाना कोतवाली खलीलाबाद के ग्राम बघौली व चमदहिया, महिला थाना के काशीराम आवास, थाना दुधारा के पकरी आराजी व गजौलीशेख, थाना धनघटा के उमरिया बाजार व दौलतपुर, थाना मेंहदावल के दीयाबाती व रोडवेज परिसर, थाना बेलहरकला के मंझरिया, थाना बखिरा के कोपेश्वरनाथ व भंगेश्वरनाथ मंदिर तथा थाना धर्मसिंहवा क्षेत्र के भवर, बनगांव और छिबरा गांवों में आयोजित किए गए।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, नारी शक्ति वंदन अधिनियम तथा मातृ शक्ति को सम्बल योजना सहित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस सहायता-112, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, एम्बुलेंस-108, स्वास्थ्य सेवा-102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और आत्मरक्षा जैसे विषयों पर संवाद किया गया तथा महिलाओं को जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए। महिला बीट अधिकारियों ने महिलाओं से निडर होकर अपनी बात रखने और किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में शामिल महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है और घरेलू समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने का अवसर मिला है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।

No comments:
Post a Comment