<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, August 3, 2026

बेनीपुर में बाढ़ सुरक्षा व आपदा जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को बचाव के दिए गए व्यावहारिक प्रशिक्षण


बस्ती। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में चल रहे बाढ़ पूर्व तैयारी एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बेनीपुर में बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को संभावित बाढ़ के दौरान सुरक्षा उपायों, समय रहते तैयारियों तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा की बाढ़ राहत टीम के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने खोज एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए लाइफ जैकेट के सही उपयोग, घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने तथा सामुदायिक सहयोग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने बाढ़ से पहले की जाने वाली तैयारियों, परिवार और पशुधन की सुरक्षा, महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने, आपातकालीन किट तैयार करने तथा मौसम एवं प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़ के दौरान और उसके बाद अपनाए जाने वाले 'क्या करें और क्या न करें' के बारे में भी विस्तार से बताया।

उन्होंने वर्षा ऋतु में बढ़ती सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए प्राथमिक उपचार की जानकारी देते हुए कहा कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय रोगी को शांत रखते हुए प्रभावित अंग को कम हिलाएं और तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराएं।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, युवा, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी प्राप्त कर भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने तथा अपने गांव को अधिक सुरक्षित और आपदा-प्रतिरोधी बनाने का संकल्प लिया।

जिला प्रशासन ने बताया कि बाढ़ संभावित अन्य गांवों में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक आपदा के प्रति जागरूक और हर परिस्थिति के लिए तैयार रह सके। 

No comments:

Post a Comment

Pages