<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, August 3, 2026

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर परखी तैयारियां


बस्ती। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सोमवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महापर्व में प्रत्येक विभाग समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने तथा निर्धारित रूट डायवर्जन का प्रभावी पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आवश्यक सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज विभाग को मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित कूड़ा निस्तारण और पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार और त्वरित सहायता प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के बाद डीएम ने फुटहिया चौराहे पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया और कांवड़ यात्रियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर नवागत अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीपीआरओ धनश्याम सागर, एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सत्येन्द्र भूषण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages