बस्ती। दहेज उत्पीड़न और पांच वर्षीय बच्चे को अपने पास रखने के आरोप को लेकर अभिषेक मिश्रा ने पुलिस उप महानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र को शिकायती पत्र देकर अपनी बहन शालिनी पाण्डेय और खुद की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बहन को शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा और उसके साथ मारपीट भी की गई। साथ ही घटना के बाद लगातार धमकी मिलने का आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र के अनुसार, अभिषेक मिश्रा ने बताया कि उनकी बहन शालिनी पाण्डेय का विवाह करीब नौ वर्ष पूर्व मुण्डेरवा थाना क्षेत्र निवासी अखिलेश पाण्डेय पुत्र लक्ष्मीशंकर पाण्डेय के साथ हुआ था। आरोप है कि 14 अगस्त 2026 को शालिनी को कथित रूप से बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की जा रही थी। सूचना मिलने पर अभिषेक पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी बहन को वहां से निकालकर संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने गांव पड़रिया ले आए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान अखिलेश पाण्डेय ने उनके पांच वर्षीय भांजे शनि को अपने पास रख लिया और उसे वापस नहीं भेजा। अभिषेक का कहना है कि घटना के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उनके या उनकी बहन के साथ कोई अप्रिय घटना होने पर इसके लिए अखिलेश पाण्डेय और उनके सहयोगी जिम्मेदार होंगे।
अभिषेक मिश्रा ने डीआईजी से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने, कठोर कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनकी बहन को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनके मुताबिक, डीआईजी की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

No comments:
Post a Comment