<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, August 24, 2026

आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों को शामिल करने की मांग तेज, आंदोलन जारी रखने का ऐलान


बस्ती। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा बस्ती की बैठक सोमवार को प्रेस क्लब सभागार में हुई। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं और 10 सूत्रीय मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने स्पष्ट किया कि आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों को शामिल किए जाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के संरक्षक सुरेशधर दूबे ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री उदय प्रताप पाल ने किया। जिलाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर उपाध्याय ने कहा कि देशभर के केंद्रीय एवं राज्य सरकार के पेंशनरों की प्रमुख मांग है कि उन्हें आठवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाए। इस मांग को लेकर कई बार आंदोलन किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सभी जनपदों से हस्ताक्षरित याचिका प्रधानमंत्री को भेजी जा चुकी है।
- पुरानी पेंशन से लेकर आयुष्मान योजना तक उठीं मांगें
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन बहाल करना, 65 वर्ष की आयु पूरी होने पर प्रत्येक पांच वर्ष में पेंशन में पांच प्रतिशत की वृद्धि, पेंशन को आयकर से मुक्त करना, कोरोना काल के 18 माह के बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान और रेल किराये में पूर्व की तरह 50 प्रतिशत छूट देना शामिल है। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत पेंशनरों को कैशलेस उपचार की सीमा 10 लाख रुपये तक करने तथा 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते को मूल वेतन में मर्ज करने की मांग भी उठाई गई।
जिला मंत्री उदय प्रताप पाल ने कहा कि जनपद स्तर पर पारिवारिक पेंशन की स्वीकृति समय से होनी चाहिए। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के भुगतान में हो रही देरी को समाप्त करने की जरूरत है। उन्होंने आयुर्वेद विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पेंशन और देयकों के भुगतान के लिए कर्मचारियों को बस्ती से लखनऊ मुख्यालय तक महीनों चक्कर लगाना पड़ रहा है।
चंद्रप्रकाश पांडेय ने कहा कि एसोसिएशन पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की आश्रित पेंशनर लतीफुन के छह माह से लंबित पेंशन प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।
संरक्षक सुरेशधर दूबे ने संगठन को और मजबूत करने तथा सदस्य संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक को इंजी. रामचंद्र शुक्ल, राधेश्याम तिवारी, नरेंद्रदेव मिश्र, सर्वेंद्र सिंह, अशोक कुमार मिश्र, देवी प्रसाद शुक्ल और श्यामधर सोनी ने भी संबोधित किया।
बैठक में सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, श्रीगोपाल त्रिपाठी, छोटेलाल यादव, भगवान सिंह, राजाराम मिश्र, अंगीरा प्रसाद, दयाशंकर त्रिपाठी, रामनारायण चौधरी, हरि प्रसाद मनौजिया, देवेंद्र प्रताप सिंह, हनुमान प्रसाद तिवारी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages