वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। श्रावण माह के चौथे सोमवार के अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भदेश्वरनाथ मंदिर में विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर उन्होंने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु रखी जाएं। भीड़ नियंत्रण के दौरान श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने को कहा।
उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था में लगे कार्मिकों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण माह के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को प्रभावी एवं बेहतर बनाए रखें, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में भगवान शिव के दर्शन-पूजन कर सकें।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment