महादेवा, बस्ती। लालगंज थाने में तैनात महिला आरक्षी केसरी वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतका के पति आरक्षी नागेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया है कि सिर में गंभीर चोट लगने के बाद पत्नी को उपचार के लिए छुट्टी की आवश्यकता थी, लेकिन समय से अवकाश नहीं मिल सका। उनका कहना है कि यदि समय रहते छुट्टी मिल जाती तो बेहतर उपचार संभव था और शायद पत्नी की जान बच सकती थी।
केसरी वर्मा वर्ष 2018 बैच की आरक्षी थीं और मूल रूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली थीं। करीब दो वर्ष पूर्व उनकी शादी वर्ष 2020 बैच के आरक्षी नागेंद्र वर्मा से हुई थी। दोनों पति-पत्नी बस्ती के लालगंज थाने में तैनात थे और बनकटी कस्बे में किराये के मकान में रहते थे।
बताया गया कि कुछ दिन पहले केसरी छुट्टी लेकर अपने मायके प्रतापगढ़ गई थीं। 22 अगस्त को छुट्टी पूरी होने के बाद वह बस्ती लौट रही थीं। रास्ते में हुए हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। प्रतापगढ़ में उपचार के दौरान सिर में चार टांके लगाए गए। इसके बाद वह बस्ती लौटकर ड्यूटी पर उपस्थित हो गईं।
पति नागेंद्र वर्मा के अनुसार, चोट के बावजूद केसरी का इलाज चल रहा था। 27 अगस्त को उन्होंने उपचार के लिए छुट्टी मांगने एसपी कार्यालय में आवेदन किया था। आरोप है कि ईएल उपलब्ध नहीं होने और मेडिकल लीव नहीं मिलने की बात कहकर उन्हें छुट्टी देने से मना कर दिया गया। नागेंद्र का दावा है कि आवेदन के साथ मेडिकल रिपोर्ट और सीटी स्कैन की रिपोर्ट भी संलग्न की गई थी।
शनिवार तड़के करीब चार बजे केसरी वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर पति और साथी पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर पति नागेंद्र वर्मा ने अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए एसपी कार्यालय के दो कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते उपचार के लिए छुट्टी मिल जाती तो शायद स्थिति अलग होती।
मौके पर सीओ रुधौली अनिल सिंह, सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे और नागेंद्र को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, वह अपनी मांग पर अड़े रहे और मामले में कार्रवाई की मांग करते रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला आरक्षी की मौत के कारणों और पति द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:
Post a Comment