बाराबंकी। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज, सिरौली गौसपुर में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य समापन रविवार को हुआ। मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने समारोह का समापन किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्र निर्माण की विकास यात्रा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिली। उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास को जानकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मंशा राम, मनोज कुमार, प्रधानाचार्य विजय कृष्ण यादव, ग्राम प्रधान मैकूलाल कनौजिया सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार और थाना अध्यक्ष बदोसराय मौजूद रहे। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी।
प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रनायकों और देश की विकास यात्रा से संबंधित चित्र एवं सूचनात्मक सामग्री प्रदर्शित की गई। विद्यार्थियों ने मेहंदी, रंगोली और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय कवि एवं शिक्षक प्रदीप महाजन ने ओजपूर्ण राष्ट्रभक्ति प्रस्तुतियों से माहौल में उत्साह भर दिया। समापन पर अतिथियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और जनजागरूकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

No comments:
Post a Comment