लखनऊ। उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यकारिणी का निर्वाचन रविवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में संपन्न हुआ। निर्वाचन में राना दिनेश प्रताप सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। उनके निर्वाचन से खेल जगत से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।
राना दिनेश प्रताप सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं। एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में पूर्व सैन्य अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता लखनऊ के डॉ. बाबादीन चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष तथा एशिया गोल्ड मेडलिस्ट एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आजमगढ़ के राजेश कुमार सिंह को प्रांतीय महामंत्री चुना गया। वहीं फिरोजाबाद के सुरेंद्र सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सुल्तानपुर के राम लखन यादव कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
निर्वाचन प्रक्रिया केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं भारतीय मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंजाब के काबुल सिंह औलाख, राजस्थान की लक्ष्मी स्वामी तथा गुजरात के वीएन पाठक की देखरेख में संपन्न हुई। मुख्य चुनाव अधिकारी विनय कुमार श्रीवास्तव ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर बधाई दी।
अपने निर्विरोध निर्वाचन पर राना दिनेश प्रताप सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महर्षि वशिष्ठ की तपोभूमि का सम्मान है। उनका प्रयास होगा कि उत्तर प्रदेश के मास्टर एथलीट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि मास्टर्स खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए सुविधाएं और सम्मान बढ़ाने के साथ ही स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानजनक पुरस्कार दिलाने के लिए सरकार से संवाद किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ और बुजुर्ग खिलाड़ियों के लिए पेंशन की व्यवस्था कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment