<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, August 24, 2026

मिशन शक्ति 5.0 के तहत नौ स्थानों पर बहू-बेटी सम्मेलन, 299 महिलाओं ने लिया हिस्सा


संतकबीरनगर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत सोमवार को जिले के नौ स्थानों पर बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला सशक्तिकरण चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों में कुल 299 महिलाओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में विभिन्न थानों की एंटी रोमियो टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

चौपाल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मातृ शक्ति को सम्बल योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित कई योजनाओं के बारे में बताया गया। महिलाओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।

पुलिस टीमों ने महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। साथ ही पंपलेट वितरित कर महिलाओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम खलीलाबाद, सेमरियावां, हैसर, पौली, नाथनगर, मेंहदावल, बघौली, बेलहरकला और सांथा ब्लॉक में आयोजित हुआ। महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने चौपाल के माध्यम से महिलाओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें निडर होकर अपनी बात रखने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने का अवसर मिलता है। पुलिस के साथ संवाद से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

No comments:

Post a Comment

Pages