वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना बस्ती पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए ट्रेडिंग के नाम पर हुई साइबर ठगी की पूरी धनराशि 47,500 पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत वादी विधेय मिश्र ने साइबर थाना बस्ती में मु0अ0सं0 09/2026, धारा 319(2), 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। वादी के साथ साइबर ठगों ने ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी कर धनराशि हड़प ली थी।
मामले की विवेचना साइबर थाना बस्ती द्वारा की जा रही थी। विवेचक एवं प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना विजय नारायण मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगों के बैंक खातों एवं यूपीआई आईडी का पता लगाया और संबंधित बैंकों से पत्राचार कर ठगी की धनराशि को होल्ड/फ्रीज कराया।
इसके बाद बैंक एवं साइबर थाना पुलिस के बीच लगातार समन्वय और फॉलोअप के परिणामस्वरूप विवेचना के क्रम में 19 अगस्त 2026 को पीड़ित के खाते में 47,500 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर थाना बस्ती पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

No comments:
Post a Comment