वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की बहनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगरीय विकास विभाग के अंतर्गत संचालित नगरीय परिवहन की बसों में महिलाओं एवं उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
शासन के निर्णय के अनुसार यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस अवधि में नगरीय बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं और उनके साथ एक सहयात्री से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
सरकार के इस निर्णय से रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली बहनों को यात्रा खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। वे अपने गंतव्य तक सहजता और सम्मान के साथ पहुंच सकेंगी। निःशुल्क यात्रा की सुविधा पर्व से पहले और बाद की आवाजाही को भी सुगम बनाएगी।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को आवागमन में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा अथवा असुविधा का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना है। सरकार का कहना है कि महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के जीवन को सुगम बनाने के लिए लगातार जनकल्याणकारी कदम उठाए जा रहे हैं। रक्षाबंधन पर नगरीय बसों में महिलाओं और उनके एक सहयात्री के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी इसी पहल का हिस्सा है।
No comments:
Post a Comment