63 ट्रेडों में कर सकते हैं आवेदन, 15 सितंबर तक स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रधानाचार्य आईटीआई, प्रधानाचार्य पॉलिटेक्निक, बीएसए, डीआईओएस, प्रधानाचार्य नवोदय विद्यालय, प्रधानाचार्य केंद्रीय विद्यालय, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला समन्वयक डीपीएमयू गोविन्द कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि 16 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक युवा 63 ट्रेडों में से अपनी रुचि के किसी भी ट्रेड में आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की परीक्षा जनपद, मंडल, राज्य एवं राष्ट्र स्तर पर आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को भारत सरकार के स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
जिला समन्वयक ने इच्छुक युवाओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

No comments:
Post a Comment