संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में रविवार को थाना दुधारा परिसर में थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा ने डायल-112/पीआरवी वाहनों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना, जनता की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना तथा पीआरवी कर्मियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और तत्परता बनाए रखना था।
बैठक में थानाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम से प्राप्त किसी भी सूचना पर पीआरवी टीम न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचे और नियमानुसार निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं और आमजन के साथ विनम्र, सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान सभी कर्मियों को पूर्ण सतर्कता के साथ निर्धारित वर्दी में रहने तथा वायरलेस सेट, टैबलेट सहित आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित रहने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक घटना की तथ्यपरक रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से उच्चाधिकारियों को भेजने और आवश्यक फीडबैक उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा और सहायता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दायित्व के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के अंत में सभी पीआरवी कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक, संवेदनशीलता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पालन करने की शपथ दिलाई गई।

No comments:
Post a Comment