गोरखपुर। आगामी 10 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में गोरखपुर में प्रस्तावित विशाल तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा महानगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को महानगर कार्यालय बेनीगंज में महानगर पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, पार्षदों और मोर्चों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रीयता की भावना का उद्घोष है। तिरंगा देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ें और यात्रा को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि गोरखपुर की तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक होगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को यात्रा में शामिल कराने की अपील की।
महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने बताया कि तिरंगा यात्रा नगर निगम परिसर से शुरू होकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक जाएगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनेगी। सभी कार्यकर्ता अभी से तैयारियों में जुट जाएं और हर घर तथा प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करें।
बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने की, जबकि संचालन अभियान संयोजक एवं महानगर उपाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने किया। बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीताशू सिंह ‘आशू’, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, युधिष्ठिर सिंह, इंद्रमणि उपाध्याय, ओम प्रकाश शर्मा, अच्युतानंद शाही, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. नवीन पांडेय ‘बच्चा’ सहित महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment