गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) द्वारा कुपोषण उन्मूलन एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित 'संभव अभियान 6.0' के तहत गोरखपुर में एक सकारात्मक परिणाम सामने आया है। मिशन खिलखिलाहट के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) द्वारा गोद ली गई अति कुपोषित बच्ची अन्वी अब कुपोषण की श्रेणी से बाहर आ गई है।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने बच्ची के घर पहुंचकर उसका पुनः गृह भ्रमण किया और स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्ची को पोषण सामग्री एवं पोषण पोटली प्रदान की तथा परिवारजनों को संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। साथ ही विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे नवीन अनुपूरक पोषाहार के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा ने बताया कि संभव अभियान 6.0 एवं मिशन खिलखिलाहट के माध्यम से कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण परामर्श और पोषण सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ जीवन की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और समन्वित प्रयासों के जरिए जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा, मुख्य सेविका तनुराधा सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनीता त्रिपाठी, सहायिका सुधा तथा सिविल लाइंस क्षेत्र के कई परिवारजन उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment