वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बस्ती विकास प्राधिकरण ने बीएसए कार्यालय के निकट जिला प्रशासन की रिक्त भूमि पर बनाए जा रहे फूडिंग एवं वेंडिंग जोन को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। प्राधिकरण के अनुसार उक्त परियोजना की लागत 131.74 लाख रुपये है, जिसके अंतर्गत 168 वेंडर स्टॉल स्पेस विकसित किए जा रहे हैं। परियोजना में पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी निर्माण किया जा रहा है। साथ ही शासन की "एक जनपद एक व्यंजन" कार्ययोजना के तहत जनपद के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी इस फूडिंग जोन में शामिल किए जाएंगे। परियोजना की निविदा स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
प्राधिकरण ने बताया कि संबंधित भूमि के स्वामित्व को लेकर पूर्व में बोर्ड की 16वीं बैठक 16 अप्रैल 2026 में दिए गए निर्देशों के क्रम में तत्कालीन सचिव द्वारा भूमि के स्वामित्व का परीक्षण कराया गया था। परीक्षण में भूमि नगर पालिका परिषद की होने के कारण अवस्थापना समिति की संस्तुति पर आयुक्त द्वारा 19 मई 2026 को फूडिंग एवं वेंडिंग जोन परियोजना की स्वीकृति प्रदान की गई थी।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला पंचायत द्वारा उक्त भूमि को अपनी स्वामित्व वाली भूमि बताया जा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम-1916 की धारा-5 के अनुसार नगर पालिका गठन की अधिसूचना जारी होने की तिथि से संबंधित क्षेत्र नगर पालिका के अधीन हो जाता है। वहीं अधिनियम की धारा-116 तथा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा-59 के अनुसार संबंधित क्षेत्र की समस्त संपत्तियां नगर पालिका में निहित हो जाती हैं तथा उनके प्रबंधन का अधिकार नगर पालिका परिषद को प्राप्त होता है। ऐसे में वर्तमान में उक्त भूमि नगर पालिका परिषद, बस्ती में निहित है।
बस्ती विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि परियोजना को स्वीकृत कराने से पूर्व नगर पालिका परिषद, बस्ती से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्राप्त किया गया था। इसके बाद ही संबंधित भूमि पर फूडिंग एवं वेंडिंग जोन का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया, जो वर्तमान में प्रगति पर है।

No comments:
Post a Comment