वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के जनपद बस्ती के हर्रैया क्षेत्र में प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह तथा जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने थाना हर्रैया क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश भी दिए। साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment