<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, July 31, 2026

संत कबीर नगर में सुनील कुमार सिंह ने अपर जिला जज का संभाला कार्यभार

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


संत कबीर नगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के समक्ष अपर जिला जज (फास्ट ट्रैक कोर्ट) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। अब वह जनपद में एडीजे फास्ट ट्रैक कोर्ट का दायित्व निभाएंगे।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद बातचीत में सुनील कुमार सिंह ने अपने न्यायिक सफर की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2007 में विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश में सहायक जिला अभियोजन अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की। लगभग साढ़े पांच वर्ष बाद उनका चयन झारखंड न्यायिक सेवा में पीसीएस (जे) के पद पर हुआ। इसके बाद उन्होंने बिहार न्यायिक सेवा की परीक्षा भी उत्तीर्ण की और वर्ष 2015 से 2018 तक छपरा (बिहार) में न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य किया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश पीसीएस (जे) के साथ ही उत्तर प्रदेश उच्च न्यायिक सेवा (एचजेएस) की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। हालांकि एचजेएस परीक्षा से जुड़ा मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित रही। जुलाई 2018 में उन्होंने सिद्धार्थनगर में न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार संभाला। हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एचजेएस परीक्षा को वैध ठहराए जाने के बाद उन्हें अपर जिला जज के पद पर नियुक्ति मिली और शुक्रवार को उन्होंने संत कबीर नगर में कार्यभार ग्रहण किया।

सुनील कुमार सिंह ने कहा कि निरंतर परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने वरिष्ठों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया।

No comments:

Post a Comment

Pages