वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार के निर्देश पर जनपद स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को पीवी गर्ल्स इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी की देखरेख में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि एचआरआईसी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण कुमार ओझा रहे। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की छह टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
सीनियर बालक वर्ग में मौलाना आजाद इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान और स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि नेहरू कृषक इंटर कॉलेज दूसरे स्थान पर रहा। जूनियर बालक वर्ग में भी मौलाना आजाद इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज उपविजेता बना। सीनियर बालिका वर्ग में मेजबान पीवी गर्ल्स इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज दूसरे स्थान पर रहा। जूनियर बालिका वर्ग में भी पीवी गर्ल्स इंटर कॉलेज ने पहला स्थान प्राप्त कर अपना दबदबा कायम रखा।
प्रतियोगिता का संचालन जिला खेल सचिव जोखू प्रसाद ने किया। निर्णायक की भूमिका विवेकानंद यादव एवं दिवाकर उपाध्याय ने निभाई। इस अवसर पर बृजेश सिंह, खेल शिक्षिका सविता यादव, ऋचा श्रीवास्तव, सुमिता सिन्हा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं खेल प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 5 अगस्त 2026 को बस्ती में आयोजित मंडलीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में संत कबीर नगर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंत में प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:
Post a Comment