वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
महादेवा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के लालगंज–महादेवा मार्ग पर जनता इंटर कॉलेज वारीघाट के आगे शनिवार सुबह करीब नौ बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार संतकबीरनगर जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम पटरियां निवासी असलाफ (30) पुत्र गयासुद्दीन अपने रिश्तेदार के यहां से लौटकर महादेवा की ओर से वापस जा रहे थे। इसी दौरान लालगंज की ओर जा रहे एक ट्रेलर से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और असलाफ गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल घायल की मदद की और उसके मोबाइल फोन से परिजनों व रिश्तेदारों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रिश्तेदार बोलेरो वाहन से मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में असलाफ को जिला अस्पताल ले गए। इस बीच उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद असलाफ को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment