<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, July 28, 2026

पूर्वांचल में अभी शुरू नहीं हुई भारत टैक्सी सेवा

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


नई दिल्ली। सहकारिता आधारित डिजिटल परिवहन मंच भारत टैक्सी की सेवाएं फिलहाल उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में उपलब्ध नहीं हैं। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत टैक्सी का उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल में अभी आधिकारिक शुभारंभ नहीं किया गया है। वर्तमान में इसकी सेवाएं दिल्ली-एनसीआर, गुजरात तथा महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में संचालित हैं।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि भारत टैक्सी का संचालन सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा किया जाता है, जो बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के अंतर्गत पंजीकृत बहु-राज्य सहकारी समिति है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने भारत टैक्सी के विकास, प्रचार-प्रसार, रखरखाव अथवा संचालन पर कोई व्यय नहीं किया है। एसटीसीएल अपने स्वयं के पूंजीगत संसाधनों से इसके विकास, अनुरक्षण, प्रचार-प्रसार और संचालन का वित्तपोषण करता है।

लोकसभा में दिए गए उत्तर के अनुसार, एसटीसीएल समय-समय पर भारत टैक्सी एप की कार्यप्रणाली की समीक्षा करता है। इसमें ग्राहक अनुभव, प्राप्त शिकायतों, किराए की प्रतिस्पर्धात्मकता, मंच के प्रदर्शन तथा तकनीकी प्रणाली की प्रभावशीलता का आकलन किया जाता है। साथ ही टैक्सी सेवा क्षेत्र में प्रचलित व्यवस्थाओं के आधार पर इसकी तुलना कर सुधार की संभावनाएं भी तलाश की जाती हैं।

सरकार ने बताया कि उपयोगकर्ताओं से प्राप्त सुझावों और समीक्षा के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं। इनमें तकनीकी मंच को और सुदृढ़ बनाना, सॉफ्टवेयर संबंधी समस्याओं का समाधान, नई सुविधाएं जोड़ना, किराया व्यवस्था की समीक्षा तथा सेवा की गुणवत्ता में सुधार शामिल हैं। विश्वसनीय और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित तकनीकी एवं परिचालन निगरानी भी की जाती है।

No comments:

Post a Comment

Pages