हर्रैया/बस्ती। गजाधर सिंह अंगद सिंह एकेडमी, हर्रैया में शुक्रवार को उस समय गर्व और उत्साह का माहौल बन गया, जब विद्यालय के पूर्व छात्र शिवम सिंह बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर बिहार प्रशासनिक सेवा में नगर निगम अधिकारी पद पर चयनित होने के बाद अपने पिता अशोक सिंह, चाचा एवं भाई के साथ गुरुजनों का आशीर्वाद लेने विद्यालय पहुंचे।
विद्यालय परिवार ने शिवम सिंह का माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि शिवम सिंह की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध किया है कि निरंतर प्रयास करने वाला विद्यार्थी हर लक्ष्य हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि शिवम की उपलब्धि विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि शिवम सिंह ने वर्ष 2015 में इसी विद्यालय से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। इसके बाद उन्होंने एनआईटी दुर्गापुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की और हाल ही में बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर बिहार प्रशासनिक सेवा में नगर निगम अधिकारी पद हासिल किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए शिवम सिंह ने विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि गजाधर सिंह अंगद सिंह एकेडमी उनके जीवन निर्माण की आधारशिला रही है। यहां के गुरुजनों का मार्गदर्शन, अनुशासन और संस्कार ही उनकी सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों एवं माता-पिता को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
शिवम सिंह मूल रूप से छबैला ग्राम के निवासी हैं। उन्होंने हर्रैया के अटवा पूरे अवधी स्थित अपनी बुआ के घर रहकर कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा गजाधर सिंह अंगद सिंह एकेडमी से प्राप्त की थी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

No comments:
Post a Comment