संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद के सभी थानों द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के उपयोग की जानकारी भी दी गई। थाना कोतवाली खलीलाबाद की टीम ने नवीन मंडी, सरैया बाईपास और गोला बाजार, महिला थाना की टीम ने मेंहदावल बाईपास, थाना महुली ने ग्राम किशुनपुर, थाना मेंहदावल ने नायक टोला एवं नगर पंचायत तिराहा तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस ने हरैया, मुसहरा और सिंगहा क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया।
महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र आयोजित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से निडर होकर अपनी बात रखने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment