वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी), उत्तर प्रदेश एवं पी.एफ.आर.डी.ए., नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को लखनऊ स्थित होटल दि ग्रैंड जेबीआर में अटल पेंशन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, अग्रणी जिला प्रबंधकों, शाखा प्रबंधकों एवं बैंक मित्रों के सम्मान में आउटरिच कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पी.एफ.आर.डी.ए. के मुख्य महाप्रबंधक प्रवेश कुमार, भारतीय रिजर्व बैंक लखनऊ की उप महाप्रबंधक अनुराधा साहू, यूपीएसआरएलएम की संयुक्त मिशन निदेशक सुधा शुक्ला, संस्थागत वित्त के सहायक निदेशक संजय सिंह, नाबार्ड लखनऊ की उप महाप्रबंधक ऋचा बाजपेई, एसएलबीसी उत्तर प्रदेश की उप महाप्रबंधक निधि कुमार, पी.एफ.आर.डी.ए. की सहायक महाप्रबंधक रूबी विनायक भावसागर, प्रबंधक निशांत आनंद सहित विभिन्न बैंकों के राज्य प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।
स्वागत संबोधन में एसएलबीसी की उप महाप्रबंधक निधि कुमार ने कहा कि अटल पेंशन योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली अत्यंत लाभकारी योजना है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान उत्तर प्रदेश में 19.71 लाख से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ा गया, जो पूरे देश में सर्वाधिक है। साथ ही प्रदेश के 60 जनपदों ने अपने निर्धारित लक्ष्य हासिल किए हैं। अब तक राज्य में 1.47 करोड़ से अधिक लोग अटल पेंशन योजना से जुड़ चुके हैं।
मुख्य महाप्रबंधक प्रवेश कुमार ने उत्तर प्रदेश में बैंकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाया जाना चाहिए।
समारोह के दौरान बैंकों, अग्रणी जिला प्रबंधकों, शाखा प्रबंधकों एवं बैंक मित्रों के लिए ओपन हाउस चर्चा का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा योजना से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका समाधान मुख्य महाप्रबंधक प्रवेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम के अंत में एसएलबीसी उत्तर प्रदेश की उप महाप्रबंधक निधि कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment