बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के सरैया बुजुर्ग गांव में कोटे की दुकान के आवंटन को लेकर पंचायत भवन में बुलाई गई बैठक के दौरान पुरानी रंजिश में एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित ने ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव समेत चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस अधीक्षक और थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में सरैया बुजुर्ग निवासी दलित दिनेश पुत्र पूर्णमासी ने बताया कि 30 जून को गांव के पंचायत भवन में कोटे की दुकान के वितरण के संबंध में बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उन्हें भी आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि बैठक में पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद लवकुश, अंकुर पुत्र राजेंद्र तथा ग्राम प्रधान मीना यादव ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ अभद्रता की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दौड़ा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि विपक्षियों ने लाठी-डंडे और लोहे के कड़े से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वह मौके पर ही गिर पड़े। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के समय मौजूद पंचायत सचिव ने भी आरोपियों को उकसाया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment