नई दिल्ली। गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल ने संसद भवन में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर गोरखपुर एवं पूर्वांचल के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उन्होंने गोरखपुर एयरपोर्ट के शीघ्र विस्तार की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बढ़ती हवाई यात्रियों की संख्या, औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं को देखते हुए एयरपोर्ट का विस्तार समय की मांग है।
सांसद रवि किशन ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से गोरखपुर ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वांचल को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा, जिससे व्यापार, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने रक्षा मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र से जुड़े अन्य जनहित के विषयों और स्थानीय समस्याओं को भी रक्षा मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण एवं उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मामलों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के बाद सांसद रवि किशन ने कहा कि गोरखपुर और पूर्वांचल के समग्र विकास के लिए वह लगातार केंद्र सरकार के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं को मजबूती से रख रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रक्षा मंत्री के सहयोग से गोरखपुर एयरपोर्ट विस्तार सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र गति मिलेगी।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वांचल के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और गोरखपुर को देश के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के विकास से जुड़े सभी महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय होंगे।

No comments:
Post a Comment