<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, July 10, 2026

बस्ती को 504.34 करोड़ रुपये की 77 विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री योगी ने किया मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास


बस्ती। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बीआरसी हर्रैया, बस्ती से जनपद को 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में 27.06 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह विद्यालय प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने वाला मॉडल संस्थान होगा।
मुख्यमंत्री ने हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में 361.30 करोड़ रुपये की 52 परियोजनाओं तथा कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में 143.04 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा, विद्यालय एवं छात्रावास भवन, स्वास्थ्य संस्थान, पर्यटन विकास, ग्रामीण स्टेडियम, गौशाला, नगर विकास और अन्य जनोपयोगी परियोजनाएं शामिल हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मखौड़ा धाम, बाबा भदेश्वरनाथ, तपसी धाम तथा महान साहित्यकार आचार्य रामचंद्र शुक्ल की जन्मस्थली बस्ती का स्मरण करते हुए कहा कि यह भूमि धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत गौरवशाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 1500 मंदिरों का पुनरोद्धार कराया जा चुका है तथा मखौड़ा धाम, भदेश्वरनाथ और कर्ण मंदिर के विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों तक बिजली, शिक्षा, सिंचाई, किसान सम्मान निधि सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र किसानों को 24 घंटे के भीतर ₹5 लाख तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियों का अवलोकन किया, अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम में भाग लिया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की। विधायक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री को गदा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बस्ती के विकास पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक अजय सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages