गोरखपुर। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा गोरखपुर ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि इस कार्रवाई से हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित होगा।
ज्ञापन में कहा गया कि विश्वविद्यालय का निर्माण उस समय लागू नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप हुआ था। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि रामपुर विकास प्राधिकरण की सीमा में संबंधित क्षेत्र को बाद में शामिल किया गया, जबकि विश्वविद्यालय का निर्माण उससे पहले ही पूरा हो चुका था।
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है और इससे शिक्षा व्यवस्था तथा छात्रों के हितों को नुकसान पहुंचेगा। संगठन ने मांग की कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप किया जाए तथा विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश को निरस्त कर निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष असरारुल हक अंसारी, जिला अध्यक्ष रफीकुल्लाह सलमानी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment