बस्ती। जिले के मत्स्य पालकों, किसानों और इच्छुक लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मत्स्य विभाग ने राज्य सेक्टर की विभिन्न लाभकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
जिला मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि आवेदन विभाग की वेबसाइट fisheries.up.gov.in के माध्यम से किए जाएंगे। इस बार मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के तहत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण योजना, केज स्थापना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, मोती संवर्धन तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना सहित कई योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं की पात्रता, इकाई लागत, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया का पूरा विवरण विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।
जिला मत्स्य अधिकारी ने बताया कि जिन आवेदकों के आवेदन पूर्व वर्षों में निरस्त हो गए थे या प्रतीक्षारत थे, वे भी इस बार पुनः आवेदन कर सकते हैं। यदि भविष्य में किसी योजना के प्रावधानों में संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही लागू होंगे। उन्होंने इच्छुक लाभार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। साथ ही योजना संबंधी किसी भी जानकारी के लिए मत्स्य विभाग के जनपदीय, मंडलीय एवं निदेशालय कार्यालयों से संपर्क किया जा सकता है।

No comments:
Post a Comment