गाजियाबाद। वार्ड संख्या 22 दौलतपुरा क्षेत्र में पंचवटी कॉलोनी के बाहर जीटी रोड स्थित थापर प्लाजा (सिटी कार्ड बिल्डिंग) के सामने बने नाले को तोड़कर दोबारा निर्माण कराने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने नगर निगम प्रशासन से जांच की मांग की है।
बुधवार को जारी प्रेस नोट में आशुतोष गुप्ता ने आरोप लगाया कि लगभग 200 फीट लंबे इस नाले का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है, जबकि नाला पहले से मजबूत और उपयोग योग्य स्थिति में है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 2-3 जून को यहां इंटरलॉकिंग ट्रायल बिछाने पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे और अब 10 जून को नाले को तोड़ने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। उनके अनुसार, क्षेत्र की मुख्य समस्या नाले की संरचना नहीं बल्कि जीटी रोड के नीचे से गुजरने वाली जल निकासी लाइन में चोकिंग है, जिसके कारण पानी का प्रवाह बाधित होता है। यदि इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नाले का पुनर्निर्माण भी बेकार साबित होगा।
आशुतोष गुप्ता ने मुख्य नगर अधिकारी एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि नाले के पुनर्निर्माण से संबंधित वर्क ऑर्डर और इंस्पेक्शन रिपोर्ट की जांच कराई जाए तथा पुनः स्थलीय निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य से आसपास के व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

No comments:
Post a Comment