गोरखपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लगभग 300 कर्मचारी मानव सम्पदा पोर्टल पर गलत प्रविष्टियों के कारण परेशान हैं। प्रभावित कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद को शिकायत देकर त्रुटियों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।
परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि निर्माण खंड-3 के सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री अदालत की जन्मतिथि पोर्टल पर गलत दर्ज होने से उनका एनपीएस भुगतान सेवानिवृत्ति के 11 माह बाद भी नहीं हो सका है। इसी प्रकार अन्य कर्मचारियों के अवकाश एवं सेवा संबंधी अभिलेखों में भी त्रुटियां हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने कहा कि गलत फीडिंग से लगभग 300 कर्मचारी प्रभावित हैं। परिषद ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल त्रुटियों को सुधारकर लंबित भुगतानों का निस्तारण करने की मांग की है।
बुधवार को भोजनावकाश के दौरान पीडब्ल्यूडी परिसर में आयोजित परिषद की बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। बैठक में अशोक पांडेय, श्याम नारायण शुक्ल, अनूप कुमार, अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली, विनीता सिंह सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment