वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मंदिर परिसर में शराब पीने से रोकने पर हुई मारपीट और उसके बाद दर्ज मुकदमे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक से मिले और ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
अखिलेश सिंह ने आरोप लगाया कि पीड़ित पक्ष के अनिल यादव के खिलाफ साजिश के तहत गलत मुकदमा दर्ज कराया गया है। उनका कहना था कि वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटकने को मजबूर है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों के संरक्षण के कारण निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो रही है।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदू संगठनों और समाज की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में कहा कि मंदिर परिसर में शराब पीने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उल्टा उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने निर्दोषों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की निष्पक्ष जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान सौरभ त्रिपाठी, अर्पण श्रीवास्तव, उपेंद्र सिंह, उज्ज्वल सिंह, शिवलाल प्रेमी, वैभव तिवारी, अभय यादव सहित विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment