वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। महर्षि विद्या मंदिर, बस्ती में सीबीएसई के निर्देशानुसार 25 घंटे का तीन दिवसीय इन-हाउस टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम सभी शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षा नीति, भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीकों से अवगत कराकर उनकी शिक्षण क्षमता को और बेहतर बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिदिन गुरु पूजन, प्राणायाम एवं ट्रांसेंडेंटल मेडिटेशन (भावातीत ध्यान) से हुई, जिससे सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण बना। महर्षि विद्या मंदिर स्कूल ग्रुप के चेयरमैन ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश वर्मा ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भावातीत ध्यान के नियमित अभ्यास के लाभ बताए। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के पहले दिन नवोदय विद्यालय के पीजीटी केमिस्ट्री रामानंद त्रिपाठी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। दूसरे दिन नवोदय विद्यालय के पीजीटी फिजिक्स नवनीत ने भारतीय ज्ञान परंपरा एवं व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। तीसरे दिन महर्षि विद्या मंदिर, गोरखपुर के प्रधानाचार्य विवेक कुमार श्रीवास्तव ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते महत्व और शिक्षा में उसके उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य व्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी रिसोर्स पर्सन, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

No comments:
Post a Comment