वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार संख्या-1 पर यात्रियों की सुविधा एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक 'पर्यावरण निगरानी तंत्र' स्थापित किया है। इस प्रणाली के तहत लगाए गए 6×4 फीट के डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर 24 घंटे पर्यावरण से जुड़े विभिन्न मानकों की अद्यतन जानकारी प्रदर्शित की जा रही है।
डिजिटल डिस्प्ले पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई), कार्बन मोनोऑक्साइड, कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, पीएम-2.5 एवं पीएम-10 कणों के स्तर के साथ-साथ वास्तविक समय का तापमान और आर्द्रता भी प्रदर्शित की जा रही है। इससे यात्रियों, रेल कर्मचारियों और आमजन को स्टेशन परिसर की पर्यावरणीय स्थिति की सटीक जानकारी मिल सकेगी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस अत्याधुनिक प्रणाली से लोगों में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गोरखपुर के सभी प्रमुख पर्यावरणीय मानक अनुकूल हैं, जिससे शहर की स्वच्छ और बेहतर पर्यावरणीय छवि मजबूत होगी तथा पर्यटकों के लिए भी गोरखपुर की आकर्षण बढ़ेगा।
रेल प्रशासन ने बताया कि इस पहल को यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। साथ ही लखनऊ मंडल द्वारा शीघ्र ही तीन अन्य स्थानों पर भी पर्यावरण निगरानी तंत्र स्थापित किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment