वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। दानवीर भामाशाह की जयंती सोमवार को जनपद में "व्यापारी कल्याण दिवस" के रूप में मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक कुमार ने की, जबकि मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी एवं धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं समाजसेवा पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और उनके जीवन को व्यापारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जीएसटी व्यवस्था को सरल बनाने, कर प्रणाली में सुधार तथा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना सहायता योजना की जानकारी दी। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि दानवीर भामाशाह का राष्ट्रहित में किया गया योगदान आज भी समाज के लिए प्रेरणा है तथा केंद्र व प्रदेश सरकार व्यापारियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर राज्य कर विभाग द्वारा उत्कृष्ट करदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में किसान ट्रेडर्स, अवधेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र पाण्डेय, सीवीकेआर इंटरप्राइजेज, अंकित सिंह, नवदुर्गा ट्रेडर्स, वैभव एसोसिएट्स एवं विनोद कुमार रूंगटा शामिल रहे।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि दानवीर भामाशाह का राष्ट्रहित में सर्वस्व समर्पण भारतीय इतिहास का अविस्मरणीय अध्याय है। कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त राज्य कर राजेश कुमार पाण्डेय ने किया। उन्होंने जीएसटी की ऑनलाइन व्यवस्था की जानकारी देते हुए व्यापारियों को इसके लाभों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में महेश मौर्य एवं उनकी टीम ने लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

No comments:
Post a Comment