<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, June 28, 2026

सदर सांसद रवि किशन ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, मातृ सेवा कार्यक्रम की भी हुई लॉन्चिंग


गोरखपुर। सदर सांसद रवि किशन ने रविवार को जिले में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ करते हुए दर्जनों बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान उन्होंने बच्चों को खिलौने और चॉकलेट वितरित कर अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।

सांसद रवि किशन ने कहा कि भारत में पोलियो का उन्मूलन वर्षों पहले हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद हैं। ऐसे में पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को नियमित रूप से पोलियो की दवा पिलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की प्रत्येक खुराक अवश्य दिलाएं।
इस अवसर पर सांसद ने जिले के नवाचार ‘मातृ सेवा कार्यक्रम’ (मैटरनल इमरजेंसी असिस्टेंस फॉर टाइमली रेफरल एंड इंटेंसिव सर्विसेज) का भी शुभारंभ किया तथा रेफरल कार्ड का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से गोरखपुर से शुरू किया गया यह अभिनव प्रयास अनुकरणीय है। समुदाय स्तर से लेकर चिकित्सा इकाई स्तर तक गर्भवती महिलाओं के नियमित फॉलो-अप और समय पर रेफरल की व्यवस्था मातृ मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि रविवार को जिले के 1,887 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। उन्होंने बताया कि 29 जून से 3 जुलाई तक 1,494 टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। उन्होंने कहा कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जय कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नंदलाल कुशवाहा, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्र, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह, डीपीएम पंकज आनंद सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages